उन्नाव। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री आवास के साथ मनरेगा की प्रगति खराब मिलने पर चार बीडीओ से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। सीडीओ ने जल्द सुधार न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
5 फ रवरी को सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति ने विकास भवन में योजनाओं की समीक्षा की थी। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना व मनरेगा की समीक्षा के दौरान प्रगति बहुत ही खराब मिली। पुरवा में 102, हिलौली में 96, गंजमुरादाबाद में 73 व सफ ीपुर में मात्र 17 प्रधानमंत्री आवास अपूर्ण मिले। मुख्यमंत्री आवास योजना में पुरवा में 5, गंजमुरादाबाद में 1 व सफ ीपुर में 4 आवास अधूरे थे। मनरेगा योजना में भी सभी ब्लॉकों में सृजित मानव दिवस औसत से भी कम मिले। खराब प्रगति पर बीडीओ बिछिया चंद्रशेखर, बीडीओ पुरवा/हिलौली रवींद्र मिश्रा, बीडीओ गंजमुरादाबाद अमित मिश्रा व बीडीओ सफ ीपुर पंकज गौतम को सीडीओ ने कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
मनरेगा में ब्लॉकों की खराब प्रगति का असर जिले की प्रगति पर भी पड़ा है। जिले में वार्षिक 43.46 लाख मानव दिवस सृजन का लक्ष्य निर्धारित है। जबकि अभी तक मात्र 34.69 लाख मानव दिवस ही सृजित हो सके हैं। जो वार्षिक लक्ष्य का 78.91 प्रतिशत है। समीक्षा में पता चला कि सिकंदरपुर करन में 58, बिछिया में 61, सिकंदरपुर सरोसी में 62, सफीपुर में 65, बीघापुर में 73.55, बांगरमऊ में 73.90, असोहा में 74.85 और गंजमुरादाबाद में 76 प्रतिशत ही लक्ष्य प्राप्ति हो सकी है। इसी आधार पर सीडीओ ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी की है।