फतेहपुर चौरासी में कालीमिट्टी स्थित शहीद गुलाब सिंह लोधी पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में रविवार शाम का खाना खाने के बाद 125 प्रशिक्षु दरोगाओं को उल्टी दस्त शुरू हो गए। पहले इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। जब जवानों ने हंगामा किया तो ट्रेनिंग सेंटर के आरआई ने बसों और एंबुलेंस से जवानों को सफीपुर अस्पताल भेजना शुरू किया। बीमार जवानों की संख्या लगातार बढ़ती देख कई अस्पतालों की एंबुलेंस भी बुलानी पड़ीं। उधर 30 बेड वाले सफीपुर सीएचसी में एक साथ सैकड़ों बीमारों पहुंचने से अफरातफरी मच गई। हालत यह हुई कि एक बेड पर दो-तीन जवानों को भर्ती करना पड़ा। यहां से पांच जवानों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रिफर किया गया है। घटना से नाराज अन्य ट्रेनी दरोगाओं ने उन्नाव-हरदोई मार्ग पर जाम लगा दिया। ये लोग ट्रेनिंग सेंटर के एसपी और आरआई को हटाने की मांग पर अड़े हैं। सूचना पर कई थानों की फोर्स और कई सीओ मौके पर पहुंचे। एसपी नेहा पांडेय ने बताया कि वह मौके पर पहुंच रही हैं।
पुलिस प्रशिक्षण केंद्र काली मिट्टी में 800 प्रशिक्षु दरोगा ट्रेनिंग ले रहे हैं। रविवार शाम 7 बजे खाना खाने के बाद बैरक नंबर दो में 7.30 बजे प्रशिक्षणार्थियों की गणना शुरू हुई। इसी बीच जवानों को उल्टी-दस्त शुरू हो गए। जवानों के मुताबिक शाम के खाने में उन्हें पनीर की सब्जी, पूड़ी, खीर और पापड़ दिया गया था। बीमार होने वालों की संख्या लगातार बढ़ती देख और इलाज न कराए जाने से गुस्साए जवानों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद ट्रेनिंग सेंटर के एसपी हरीश कुमार ने सभी को बस और एंबुलेंस से सफीपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
इधर ट्रेनिंग सेंटर में अव्यवस्था और घटिया खाना दिए जाने से नाराज ट्रेनी दरोगा गेट का ताला तोड़कर बाहर निकल आए और हरदोई रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस को सूचना दी गई तो सफीपुर, बांगरमऊ, फतेहपुर चौरासी समेत कई थानों की फोर्स और सीओ मौके पर पहुंचे। एसपी नेहा पांडेय ने बताया कि काफी लंबा जाम होने से वह भी रास्ते में फंसी हैं। जल्द मौके पर पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।
उधर सफीपुर स्वास्थ्य केंद्र में ट्रेनी दरोगाओं का इलाज कर रहे डॉ. अजीत कुमार सिंह ने बताया कि खाने में ही कोई ऐसी चीज रही है, जिससे जवानों को पेट दर्द और इसके बाद उल्टी-दस्त शुरू हो गए। उन्होंने बताया कि पनीर, दूध या तेल खराब हो सकता है। हालत बिगड़ने के कारण मेस मैनेजर अभय कुमार के अलावा प्रशिक्षु जिंतेद्र कुमार, संदीप, अजयपाल और संजय सिंह को जिला जिला अस्पताल रिफर किया गया है। रात 12 बजे तक अन्य ट्रेनी दरोगा जाम लगाए थे। उनका आरोप है कि उन्हें घटिया खाना दिया गया। इसकी शिकायत करने पर उत्पीड़न किया गया।