विकास भवन सभागार में लंच पैकेट वितरण करने वाली समाजिक संस्थाओं के साथ बैठक करते सदर विधायक पंकज ग
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने गरीबों, मजदूरों का चिह्नांकन कराकर खाद्यान्न व्यवस्था कराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने राहत कार्य में सक्रिय योगदान करने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ बैठक की। बैठक में सदर विधायक पंकज गुप्ता ने संस्थाओं के प्रतिनिधियों से कहा कि व्यवस्थित ढंग से वितरण न होने के कारण कुछ मोहल्लों में कई बार तो कहीं एक बार भी सामान नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसी स्थिति में सभी संस्थाएं किस मोहल्ले में कब-कब, किस संख्या में खाना एवं खाद्यान्न वितरण किया है और भविष्य में कहां करेंगे उसकी सूची नगर मजिस्ट्रेट को उपलब्ध करा दें।
विधायक ने बताया कि नगर के कांशीराम कालोनी, उम्मीदों का शहर, लोधनहार, आवास विकास, रेलवे पटरी, नार्मल स्कूल व कोतवाली के सामने, पीडी नगर कालोनी के पास, फैंटेसी के सामने, अहिरनखेड़ा व बुधवारी के पीछे मोहल्लों में खाद्यान्न का वितरण कराया गया है। उन्होंने संस्थाओं के पदाधिकारियों का आह्वान किया कि इस आपदा की घड़ी में सभी का कर्तव्य बनता है कि पात्र व जरूरतमंदों का चिह्नांकन कर भर पेट भोजन जरूर कराएं।
विकास भवन सभागार में कोविड-19 महामारी से प्रभावी रूप से निपटने के उद्देश्य से बनाई गई 11 समितियों के पदाधिकारियों के साथ डीएम रवींद्र कुमार व एसपी विक्रांतवीर ने बैठक की। बैठक में श्रम, स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि तथा अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लॉकडाउन के दौरान नगरीय एवं ग्रामीण लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। कंट्रोलरूम में आई शिकायतों का निस्तारण समय सीमा में करें।
डीएम व एसपी ने प्राथमिक विद्यालय मसवासी द्वितीय, प्राथमिक स्कूल मगरवारा में बनाए गए क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण किया। यहां पर रखे गए बाहर से आए हुए लोगों के रहने, खाने व उनको दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में एसडीएम सदर दिनेश कुमार से जानकारी ली। निर्देश दिए कि सभी व्यक्ति क्वारंटीन अवधि तक अनिवार्य रूप से यहां रहें। यदि कोई भी व्यक्ति स्थल छोड़े तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएं। लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद फि ट होने पर ही उनके घर भेजा जाए। कोरोना वायरस के संक्रमण के बचाव के लिए क्वारंटीन सेंटर पर सोशल डिस्टेंस का पालन कराया जाए।