दर्शन के लिए अजमेर शरीफ जा रहे अमेठी के बाराज शुकुल के ब्लाक प्रमुख की कार बीच रोड पर खड़े डंपर से टकरा गई। हादसे में कार सवार ब्लाक प्रमुख के परिवार के पांच लोग घायल हो गए। वहीं पीछे तेज रफ्तार से आ रहे दूसरे वाहन भी आपस में टकरा गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा और क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कराया। उधर, हादसे के बाद हाइवे पर दोनों ओर भीषण जाम लग गया। करीब तीन घंटे बाद जाम खुला और आवागमन शुरू हो सका।
जानकारी के मुताबिक बुधवार तड़के करीब पांच बजे लखनऊ-कानपुर हाइवे पर स्थित कर्मी बिजलामऊ गांव के पास बीच रोड पर खराबी आने के कारण डंपर खड़ा था। हल्का कोहरा होने के कारण पीछे से आ रहा एक डंपर खड़े डंपर में टकरा गया। इसके पीछे आ रही अमेठी के शुकुल बाजार क्षेत्र के ब्लाक प्रमुख सिराज अहमद के भाई इश्तिखार अहमद की कार भी डंपर से टकरा गई। हादसे में कार में सवार सिराज अहमद के भाई इश्तिखार व रियाज , दो महिलाएं व कार चालक गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद पीछे से आ रही कई अन्य वाहनों में भी भिड़ंत हो गई। कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया और वाहनों को सड़क के किनारे कराया। हल्का इंचार्ज सर्वेश सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर फोर्स के साथ वह मौके पर पहुंचे थे। घायलों को जिला अस्पताल भेजवाने के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को रोड किनारे करवाकर आवागमन बहाल कराया गया। उधर, घटना के बाद करीब डेढ़ घंटे तक फोर्स न पहुंचने से लखनऊ से कानपुर की ओर जाने वाले रूट पर वाहनों की कतार लग गई। हाइवे पर दोनों ओर भीषण जाम लग गया। करीब तीन घंटे बाद जाम खुला और आवागमन शुरू हो सका।