फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao News: बाढ़ का खतरा बढ़ा, गंगा चेतावनी बिंदु के नजदीक

विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। पिछले कई दिनों से गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे कटरी क्षेत्र के गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। सोमवार शाम को जलस्तर चेतावनी बिंदु से मात्र आठ सेमी दूर रह गया। परियर के पनपथा गांव में पानी पहुंच जाने से वहां की बिजली काट दी गई है। फसलें व रास्ते पानी में डूब गए हैं। ग्रामीण टोली बनाकर निगरानी कर रहे हैं। गंगा का जलस्तर आज चेतावनी बिंदु 112 मीटर को छू सकता है।
विज्ञापन

गंगा के जलस्तर में प्रति घंटा 0.20 सेमी की बढ़ोतरी होने से जिले में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। सोमवार शाम छह बजे जलस्तर 111.920 मीटर पर पहुंच गया जो चेतावनी बिंदु से मात्र आठ सेमी ही दूर है। जिस तेजी के साथ जलस्तर बढ़ रहा है उससे तो जलस्तर मंगलवार सुबह तक चेतावनी बिंदु 112 मीटर को पार कर जाएगा। आने वाले एकाध दिन में खतरे के निशान (113 मीटर) पार करने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने नावों व गोताखोरों की व्यवस्था कर ली है।
परियर संवाद सहयोगी के मुताबिक, सदर तहसील क्षेत्र के बाढ़ की चपेट में आने वाले गांव देवीपुरवा, पनपथा, लालतूपुरवा, मानाबंगला, चंडीबंगला, टपरा व कोलवा सहित कई गांव के घरों के बाहर तक पहुंच गया है। लगातार तेजी से बढ़ते जलस्तर से लोग चिंतित हैं। ग्रामीण अपना समान बांध कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सोचने लगे हैं। कटरी में बोई गई लौकी, तरोई, कद्दू, धान व भिंडी सहित अन्य फसलें जलमग्न हो गई हैं। पनपथा गांव में पानी भरने के वजह से बिजली विभाग ने बिजली सप्लाई काट दी गई है। वहीं क्ष्रेत्र में न बाढ़ चौकी स्थापित हुई है और न ही अभी तक नाविक गोताखोरों की तैनाती की गई है।
विज्ञापन



डूबे रास्ते, पानी से होकर स्कूल जा रहे बच्चे-शिक्षक
फतेहपुर चौरासी। गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ने से चिरंजूपुरवा, कुशेहर बंगला व कबूलपुर सहरिया बंगला डामरीकृत संपर्क मार्ग पर पानी बहने लगा है। ग्रामीणों को आने जाने में परेशानी हो रही है। फसलों के डूब जाने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। गंगा के तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा मड़राने लगा है। सहरिया गांव में प्राथमिक विद्यालय होने से बच्चों व शिक्षकों को भी पानी से होकर निकलना पड़ सकता है। प्रधान रोशन, पूर्व प्रधान कैलाश व अर्जुन आदि ने बताया कि पानी बढ़ने से गांव चिरंजीपुरवा के किसान महेश की भिंडी, कन्हैया की मूंगफली, सेवा की तरोई आदि सब्जी की फसल व वासुदेव की लोबिया डूब गई है। रुस्तमपुर गांव में रामकिशोर, व भैइया लाल की मूंगफली की फसलें डूबी है। गड़ाई के प्रधान लक्ष्मीनारायण व मन्नानगर के विनोद कुमार ने बताया कि गंगा का जलस्तर यदि इसी प्रकार बढ़ता रहा तो किसानों की और अधिक फसलों का नुकसान होगा। जैतपुर, हिंदूपुर, दबौली, खैरी, कटरी तोरना, गड़ाई, भुलभुलियाखेड़ा, नया हिंदूपुर, भदेहरा अदि गांव भी बाढ़ की चपेट में आ जाएंगे। (संवाद)


कल्याणी नदी का भी जलस्तर बढ़ा, एसडीएम ने किया निरीक्षण
सफीपुर। क्षेत्र के गांव अल्लीपुर, शेरपुर, रामपुर, जमालनगर, हमजापुर, नीबीगाड़ा, उडंक पुरवा आदि के नजदीक से गुजरी गंगा व कल्याणी नदी के बढ़े पानी से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। सोमवार को मौके पर पहुंचे एसडीएम नवीन चंद्र ने गांवों में जाकर ग्रामीणों से सतर्कता पर बातचीत करने के बाद जमालनगर-दबौली व सनहा-गहोली मार्ग पर पानी कटान के स्थान देखे। उडंक पुरवा निवासी शिवशंकर शर्मा ने बताया कि गंगा व कल्याणी नदी में पानी बढ़ने से जल्द इसके सड़क व खेतों तक पहुंच जाने की संभावना बढ़ गई है। एसडीएम ने बताया कि बाढ़ की संभावनाओं को देख सुरक्षित पड़ाव स्थलों को चिह्नांकन करा लिया गया है। आवागमन बनाए रखने वाली प्राइवेट नाव के मालिकों से बात कर ली गई है। वहीं, लेखपालों की टीम बनाकर गांव वालों के संपर्क में रहकर पैनी निगाह रखने के निर्देश दिए गए हैं। (संवाद)


जलस्तर बढ़ने से कटान में आई तेजी
बांगरमऊ। क्षेत्र के गंगा किनारे बसे धन्नापुरवा, खारपुरवा, मल्लाहनपुरवा, नयापुरवा व कटरी गदनपुर आहार गांव के किनारे गंगा का जलस्तर कगार छूने के करीब है। कटरी गदनपुर आहार में गंगा में कटान शुरू हो गई है। एडीएम नरेंद्र सिंह ने निरीक्षण कर तहसीलदार व सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कटान रोकने के निर्देश दिए हैं। (संवाद)

जिला प्रशासन की तैयारियों पर एक नजर
बाढ़ चौकियां व केंद्र- 48
नाव- 276
कंट्रोलरूम नबर- 0515-2970766

कोट
गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए तैयारियां पूरी हैं। बाढ़ चौकियां स्थापित की जा रही हैं। गोताखोरों व नावों को रिजर्व रखा गया है। जरूरत पड़ने पर संबंधित क्षेत्रों में इसे भेजा जाएगा। अधिकारियों को रोजाना जलस्तर पर नजर रखने व प्रतिदिन रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं।
विज्ञापन

- गौरांग राठी, डीएम।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें