कलक्ट्रेट से आर्थिक गणना के प्रगणकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते डीएम देवेंद्र पांडेय।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। जनपद में शुुरू होने जा रही सातवीं आर्थिक गणना के प्रगणकों को जिलाधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर कलक्ट्रेट से फ ील्ड में जाने के लिए रवाना किया। रवानगी से पूर्व डीएम ने निर्देश दिया कि गणना के लिए निर्धारित प्रश्नावली साथ लेकर जाएं तथा प्रत्येक परिवार से उसकी वाणिज्यिक गतिविधियों के बारे में सूचनाएं प्राप्त करें।
जिलाधिकारी ने सुपरवाइजर एवं प्रगणक से कहा कि देश की आर्थिक स्थिति जानने और आने वाले समय में योजनाएं बनाने के लिए आर्थिक गणना की सूचनाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसलिए घर-घर जाकर सूचनाएं एकत्र करने में विशेष सावधानी बरतें। इन समस्त सूचनाओं को ऑनलाइन भी फ ीड किया जाएगा। बताया कि गणना कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से कराई जा रही है। इसका जिलास्तरीय अधिकारियों द्वारा सत्यापन भी कराया जाएगा। इसलिए सभी सुपरवाइजर तथा प्रगणक देखें कि सूचनाएं सही भरी जाएं। सेंटर द्वारा प्रत्येक गांव के लिए सुपरवाइजर तथा प्रगणक तैनात किए जा रहे हैं। जिलास्तर पर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय, जिला उद्योग केंद्र के अपर सांख्यिकीय अधिकारी, सहायक सांख्यिकीय अधिकारी इन कार्यों का पर्यवेक्षण करेंगे। डीएम ने लोगों से अपील की है कि प्रगणक के घर पर जाने पर उन्हें सही सूचनाएं उपलब्ध कराएं।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राजदीप वर्मा ने बताया कि भारत सरकार द्वारा आर्थिक गणना 31 मार्च 2020 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि प्रगणक एवं सुपरवाइजर निर्धारित फ ॉर्मेट पर सूचना एकत्र करेंगे तथा सर्विस सेंटर में लाकर ऑनलाइन फीड करेंगे। इस दौरान सभी एसडीएम, अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ, अपर सांख्यिकीय अधिकारी, कॉमन सर्विस सेंटर के जिला समन्वयक, सुपरवाइजर तथा प्रगणक उपस्थित रहे।