उन्नाव। जिले के अलग-अलग ब्लॉकों में दूसरे राज्यों व शहरों से लौटे पांच लोगों को सर्दी, जुकाम व बुखार होने पर उसे आइसोलेट कराया गया है। सभी का जांच के लिए सैंपल भेजा गया है।
ब्लॉक सिकंदरपुर कर्ण के गांव रावल निवासी युवक 22 मार्च को केरल से घर वापस लौटा था। टीबी का मरीज होने से उसे खांसी के साथ बुखार आने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौरावां के मोहल्ला मोइनुद्दीनपुर निवासी युवक ट्रक चालक है। वह 23 मार्च से घर पर था। बुधवार को सर्दी जुकाम होने पर उसे जिला अस्पताल लाया गया। शहर के मोहल्ला आवास विकास में 28 मार्च को अंबाला से वापस लौटी युवती को सर्दी-जुकाम होने पर आशा की सूचना पर टीम उसे अस्पताल लाई। सफीपुर कस्बा निवासी युवती 28 मार्च को दिल्ली से वापस लौटी थी। बुधवार रात उसे भी सांस लेने में तकलीफ हुई। कंट्रोल रूम में सूचना आने के बाद जिले से पहुंची स्वास्थ्य टीम उसे जिला अस्पताल लाई।
वहीं, शुक्लागंज निवासी युवक 29 मार्च को गुजरात से वापस लौटा था। जांच के बाद उसे घर भेजा गया था। लेकिन बुधवार रात बुखार व खांसी आने पर परिजनों ने कंट्रोल रूम पर सूचना दी। स्वास्थ्य टीम मौके पर पहुंची और जिला अस्पताल लाई। सभी को रात भर रोकने के बाद हालत में सुधार न होने पर गुरुवार को सभी को आइसोलेट कर दिया गया।
संक्रामक रोग प्रभारी डॉ. आरएस मिश्रा ने बताया कि पांचों का सैंपल जांच के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है।
बांगरमऊ तहसील के गांव अतरधनी निवासी जमाती के साथ नवाबगंज ब्लॉक के गांव कुसुंभी निवासी युवक की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद गुरुवार को दोनों को सरस्वती मेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन कर दिया गया है। इस अस्पताल में अभी तक 10 लोग क्वारंटीन हैं। जिनकी देखरेख स्वास्थ्य विभाग कर रहा है।