सफीपुर। शनिवार को अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में बच्चे सहित पांच लोग घायल हो गए। चार घायलों को सीएचसी मियागंज भर्ती कराया गया है जबकि एक का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के सकहन राजपूतान गांव निवासी रामचंद्र (30) पत्नी गीता (24), बेटी महक (5) और माही (4) के साथ बाइक से सुबह नौ बजे लखनऊ जा रहे थे। सफीपुर-मियागंज मार्ग पर आसीवन थानाक्षेत्र के मियागंज के देबिन तालाब पुलिया के पास गड्ढे में बाइक जाने से वह अनियंत्रित हो गई और चारो गिरकर गंभीर घायल हो गए। सभी को मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया गया।
वहीं कानपुर महानगर के थाना चमनगंज के हलीम कॉलेज के पास रहने वाले कार सवार बशीर (60) भतीजे आसिफ (19) पुत्र मो. फारूक के साथ हरदोई से घर लौट रहे थे। सुबह 10 बजे लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर कस्बा मियागंज में टायर पंक्चर होने से कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में पोल टूटने के साथ ही कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर बिजली कर्मचारी गिरीश कुमार, वारिस अली और राजपाल मौके पर पहुंचे और सप्लाई बंद कराई। हादसे में कार सवार चाचा बशीर गंभीर चोटें आई हैं। उनका निजी निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है जबकि भतीजा बच गया।