नवाबगंज (उन्नाव)। सोहरामऊ थानाक्षेत्र की एक चौकी में तैनात सिपाही पर गांव के युवक ने अपनी पत्नी से अवैध संबंध होने का आरोप लगाया। एसपी को शिकायती पत्र दिया तो सुर्खियों में आ गया। जांच कर रहे सीओ ने पूछताछ के लिए बुलाया तो अपना प्रार्थना पत्र वापस ले लिया। बताया कि एक व्यक्ति के बहकावे में आकर शिकायत की थी।
एक गांव निवासी युवक ने सोमवार को एसपी को तहरीर दी थी कि सोहरामऊ थानाक्षेत्र की एक चौकी में तैनात सिपाही से उसकी पत्नी के अवैध संबंध हैं। वह पत्नी से अक्सर फोन पर बात करता रहता है। इसका पता चलने पर पत्नी का फोन तोड़ा तो सिपाही ने दूसरा फोन लाकर दिया, जो कि बिस्तर के बीच छिपा मिला। युवक ने आरोप लगाया कि पत्नी की झूठी तहरीर पर कुछ दिन पहले सिपाही ने उसे पीटा भी था। आरोप लगाया कि छोड़ने के नाम पर छह हजार रुपये भी लिए थे। मारपीट के संबंध में सिपाही का कहना था कि युवक नशे का लती होने से अक्सर पत्नी को पीटता रहता था, इसलिए उसे डांटा था। इसी से नाराज होकर उसने यह आरोप लगाए हैं। आरोप निराधार हैं। मंगलवार को युवक ने सीओ के यहां से अपनी तहरीर वापस ली है, उसने किसी के कहने पर यह करने की बात कही है, युवक का वीडियो भी जारी हो गया है।
सीओ संतोष सिंह ने बताया कि युवक नशेबाज था। उसने पहले तहरीर दी थी, बाद में खुद वापस ले ली, बताया कि किसी के कहने पर उसने दे दिया था।