उन्नाव। महीनों से लटकी शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया के लिए टेस्ट लेकर प्रमाणपत्र देने के लिए पुलिस पांच सौ रुपये फीस लेगी। फीस जमा करने के लिए गुरुवार को पुलिस कार्यालय में लाइसेंस धारकों का मजमा लगा रहा। घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद लोग फीस जमा कर पाए। हालांकि जिले में रायफल क्लब न होने से फिलहाल रायफल के लाइसेंस का नवीनीकरण लटका हुआ है। पुलिस अधिकारियों की माने तो नजदीकी जिलों में सीतापुर में रायफल के लिए रेंज है।
न्यायालय के निर्देश पर शस्त्र लाइसेंस धारकों और नए आवेदकों का टेस्ट लेने के बाद फिट पाए जाने पर ही शस्त्र रखने की अनुमति है। पुलिस अधीक्षक एमपी सिंह के निर्देश के बाद फीस निर्धारित कर रिवाल्वर और बंदूक का टेस्ट लेने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए शस्त्र लाइसेंस धारक या आवेदक को 500 रुपये जमा करने होंगे। लेकिन चांदमारी में रायफल टेस्ट के लिए जरूरी रेंज न होने से रायफल का इतनी ही रेंज के अन्य शस्त्रों की टेस्ट प्रक्रिया फिलहाल रुकी है। मौजूदा समय में लाइसेंस नवीनीकरण के 1600 आवेदन लंबित हैं।
गुरुवार को जैसे ही फीस जमा करने की प्रक्रिया शुरू हुई पुलिस कार्यालय में लोगों का मजमा लग गया। टेस्ट के लिए आवेदक को अपनी बंदूक/रिवाल्वर और दो-दो कारतूस खुद देने होंगे। अपर पुलिस अधीक्षक रामकिशुन यादव ने बताया कि रायफल के टेस्ट के लिए भी जल्द ही कोई रास्ता निकाला जाएगा।