बांगरमऊ। पैतृक संपत्ति के विवाद में एक महिला ने पांच लोगों पर पति को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी देने और जबरन जमीन का बैनामा कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सभी पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
कोतवाली क्षेत्र के जगतनगर निवासी दिव्या ने बताया कि उनके पिता राजीव कुमार की 16 अक्तूबर 2023 को मौत हो गई थी। वह पिता की इकलौती वारिस हैं। आरोप है कि उनकी पैतृक संपत्ति कई गांवों में है लेकिन पांच जनवरी 2026 को केवल मेला आलमशाह गैर एहतमाली के अभिलेख में उनका नाम उत्तराधिकार के रूप में दर्ज कराया गया। तहरीर के मुताबिक चार जनवरी को आरोपी उनकी ससुराल शाहजहांपुर पहुंचे और वहां से दिल्ली का पता लेकर अगले दिन उन्हें दिल्ली पहुंचे। पति को भोगांव और फिर छह जनवरी को कार से बांगरमऊ लाए। महिला का आरोप है कि बांगरमऊ पहुंचने पर आरोपियों ने पति ओम गुप्ता को बंधक बनाया और जान से मारने की धमकी देकर तहसील ले गए। वहां खतौनी खाता संख्या 1368 में दर्ज 0.089 हेक्टेयर जमीन का बैनामा करा लिया। आरोप है कि बैनामे में सात लाख रुपये की बिक्री धनराशि दिखाई गई। इसमें दो लाख रुपये पूर्व पेशगी, 3.50 लाख रुपये चेक और 1.50 लाख रुपये फोनपे से भुगतान दर्शाया गया है। महिला का कहना है कि उसे करीब दो लाख रुपये ही मिले। इसमें अमित कुमार गुप्ता से करीब एक साल पहले ब्याज पर लिए गए 1.50 लाख रुपये भी शामिल हैं। दिव्या ने पुलिस को बताया कि संबंधित जमीन का करीब डेढ़ साल पहले कानपुर निवासी दीपक कुमार गंगवार के साथ तीन साल के लिए बिक्री अनुबंध किया गया था।
कोतवाल अखिलेश पांडेय ने बताया कि महिला की तहरीर पर अमित कुमार गुप्ता, विजय कुमार सिंह, बसंत, सौरभ गुप्ता और अनूप गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।