बीघापुर। बक्सर स्थित मां चंडिका देवी गंगा घाट पर स्नान के दौरान बुधवार दोपहर करीब 12 बजे दो पक्षों में मारपीट हो गई और ईंट पत्थर चले। चौकी इंचार्ज के सिर पर पत्थर लगने से उन्हें भी चोट आई। दोनों पक्षों से नौ लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया है।
फतेहपुर जिले के भदोखीपुर गांव निवासी अभिषेक कुमार बुधवार को परिवार सहित गंगा स्नान करने के साथ मां चंडिका देवी दरबार में दर्शन करने आए थे। पहले कार खड़ी करने को लेकर उनका विवाद रायबरेली के गहरौली से आए शिवा, शिवम, संदीप, प्रभाकर, दुर्गेश, रवि कुमार, साकेत सिंह से हुआ। बाद में गहरौली निवासी युवक जानबूझकर गुलाल उड़ाने लगे। साथ आईं महिलाओं पर गुलाल पड़ता देख अभिषेक ने दूसरे पक्ष से दुर्व्यवहार न करने की बात कही तो उन लोगों ने महिलाओं को किनारे चलाने की नसीहत दी। वहां से होते हुए दोनों पक्ष गंगा तट पर पहुंच गए। वहां भी गहरौली निवासी युवकों की उद्दंडता बंद नहीं हुई।
इस पर अभिषेक ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुल ही देर में 20 से 25 युवक गाड़ियों से गंगातट पर पहुंचे और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। घटना की सूचना पर बक्सर चौकी इंचार्ज राकेश कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास करने लगे। तभी पथराव होने लगा और एक पत्थर चौकी इंचार्ज के सिर पर लगा। इससे वह लहूलुहान हो गए, हालांकि उन्होंने पैर फिसलने से गिरने के कारण चोट लगने की बात कही।
चौकी इंचार्ज के घायल होने की सूचना पर बारासगवर थाना पुलिस पहुंची और गहरौली गांव निवासी शिवा, संदीप, प्रभाकर, दुर्गेशकुमार, रविकुमार, साकेत सिंह और भदोखीपुर के नीरज, पंकज, दीपक को अपने साथ ले गई। मारपीट में गहरौली के शिवम भी घायल हुए, लेकिन उन्हें वहां से अन्य साथी लेकर चले गए। थानाध्यक्ष धर्मेंद्रनाथ मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों में नौ लोगों का शांतिभंग में चालान हुआ है। एक पक्ष से छह और दूसरे पक्ष से तीन लोगों पर कार्रवाई की गई है।