उन्नाव। लोकनगर मोहल्ले में मंगलवार शाम पुलिस की कार्रवाई के डर से लोडर चालक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता का आरोप है कि बहू और थाना पुलिस ने रुपयों की मांग की थी। न देने पर जेल भेजने की बात कहकर धमकाया था। जिससे परेशान होकर बेटे ने आत्मघाती कदम उठाया। सीओ ने जांच की और तहरीर के आधार पर मृतक की पत्नी व उसके घरवालों पर रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश दिया। सीओ ने बताया कि थाना पुलिस पर लगाए गए आरोप की लिखित शिकायत देते हैं तो उसकी भी जांच कराएंगे।
सदर कोतवाली के लोकनगर मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय महेश पुत्र रमेश लोडर चलाने के साथ मजदूरी भी करता था। उसने 10 जुलाई 2024 को कोतवाली क्षेत्र के मैनीखेड़ा गांव की सुंदरी पुत्री राजकुमार से प्रेम विवाह किया था। शराब का लती होने से दंपती में आए दिन विवाद होता था। सुंदरी ने जुआं खेलने और जेवर गिरवी रख देने का आरोप भी लगाया था। कुछ दिन पहले वह नाराज होकर मायके चली गई थी। मगरवारा पुलिस चौकी और कोतवाली में तहरीर देकर पति की शिकायत करते हुए और उसके साथ न रहने की बात कही थी।
सोमवार को सुंदरी और उसके पति महेश को सुनवाई के लिए महिला थाने बुलाया गया था। दोनों पक्षों के लोग अपने-अपने अधिवक्ता के साथ पहुंचे थे। थानाध्यक्ष रेखा सिंह ने अधिवक्ताओं के समक्ष दोनों को आपस में समझौता करने की बात कही थी, लेकिन सुंदरी ने एक लाख रुपये ससुरालीजनों से मांग की थी। इस पर मंगलवार को फिर थाने बुलाया गया था। सुंदरी व उसके परिजन थाने पहुंच गए, लेकिन महेश नहीं गया। मंगलवार शाम को उसका शव घर में फंदे से लटका मिला। कोतवाली पहुंचे पिता रमेश ने महिला थाना पुलिस पर बेटे की पिटाई और 20 हजार रुपये घूस मांगने का आरोप लगाया। मृतक की बहन चांदनी ने बताया कि भाई, भाभी को लेकर आदर्शनगर मोहल्ले में परिवार से अलग किराए पर रहने लगे थे, इसके बाद भी भाभी उन्हें परेशान करती थीं।
सीओ सिटी सोनम सिंह ने परिजनों को शांत कराते हुए तहरीर के आधार पर मृतक की पत्नी और उसके मायके वालों पर रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया। महिला थाना पुलिस पर आरोप लगने पर थानाध्यक्ष रेखा सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर आमने-सामने बात कराई गई थी। उनका कहना था कि महेश के परिजन मोबाइल से थाने का वीडियो बना रहे थे, इस पर उन्हें डांटा गया था। रुपये मांगने व मारपीट का आरोप गलत है। कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।