शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शौच को गई किशोरी से गांव के युवक ने दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। किशोरी के बेहोश होने पर आरोपी भाग निकला। लगभग दो घंटे पीड़िता झाड़ियों में पड़ी रही।
खोजबीन के दौरान परिजन उसकी हालत देखकर सन्न रह गए। मां ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
सदर कोतवाली के मगरवारा चौकी क्षेत्र निवासी एक 16 वर्षीय किशोरी सोमवार दोपहर शौच के लिए खेतों की ओर गई थी। आरोप है कि गांव के युवक ने उसे बीच रास्ते में दबोच लिया और मुंह बंद कर झाड़ियों की ओर खींच ले गया। आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
शोर मचाने पर पहले मारापीटा और फिर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। किशोरी के बेहोश होने पर आरोपी उसे छोड़कर भाग निकला। काफी देर बाद तक किशोरी के घर न पहुंचने पर परिवारीजन उसकी तलाश को निकले। खेतों के पास झाड़ियों के बीच किशोरी को अस्त-व्यस्त हालत में बेहोश पड़ा देख सभी दंग रह गए।
आनन-फानन में उसे उठाकर घर लाए। होश में आने पर किशोरी ने आपबीती सुनाई, तो घर के लोग उसे लेकर कोतवाली पहुंच गए। पीड़िता की मां ने आरोपी के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस ने पीड़िता के बयान लेने के बाद आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच भी की है।