मौरावां। मोहनलालगंज-मौरावां मार्ग पर तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत हो गई, जबकि पत्नी को मामूली चोटें आई हैं। दोनों जमीन के मुकदमे की पेशी से लौट रहे थे। हादसे के बाद चालक लोडर छोड़कर भाग गया।
थानाक्षेत्र के भाटनखेड़ा गांव निवासी कालीदीन रावत (40) सोमवार को पत्नी ऊषा देवी के साथ बाइक से तहसील पेशी पर गए थे। लौटते समय दमा की दवा लेने जा रहे थे। मौरावां-मोहनलालगंज मार्ग पर भवानीगंज के पास लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी। पुलिस ने घायल दंपती को अस्पताल पहुंचाया। कालीदीन की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पत्नी और बच्चों में जीतू, विपिन और अजीत बेहाल हैं। थानाध्यक्ष चंद्रकांत सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अभी तहरीर नहीं आई है।