मौरावां में सई नही में किसान का शव निकलने के बाद जमा भीड़ व मौजूद पुलिस।
- फोटो : UNNAO
मौरावां(उन्नाव)। गांव के पास सई नदी में नहाने गए किसान की डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों व ग्रामीणों की मदद से 17 घंटे बाद शनिवार सुबह शव खोजकर निकाला।
मौरावां थाना क्षेत्र के लउवा गांव निवासी श्यामलाल रावत (50) शुक्रवार शाम 4 बजे घर से निकला और डेढ़ किमी दूर पर दृगपालखेड़ा गांव के सामने सई नदी में नहाने लगा। नदी पुल के नीचे नहाते समय गहराई में चला गया। कुछ देर बाद चरवाहों ने पुल की सीढ़ियों के पास कपड़े व चप्पल रखी देखी। नदी में डूबने के अंदेशे पर चरवाहों ने उसके भाई छोटेलाल को जानकारी दी। छोटेलाल ने परिजनों व अन्य ग्रामीणों की मदद से तलाश की लेकिन पता नहीं चला।
इसपर शुक्रवार शाम 7 बजे पुलिस को सूचना दी। एसओ राजेंद्र रजावत पहुंचे और पुल से 500 मीटर दूरी तक ग्रामीणों की मदद से तलाश कराई लेकिन पता न चलने और अंधेरा होने से पुलिस लौट गई। शनिवार सुबह 8 बजे पुलिस ने गांव के अनंतू पासवान व हनुमान कश्यप समेत अन्य ग्रामीणों की मदद से खोज शुरू कराई। करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों की मदद से शव निकाला। शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के एक पुत्र आकाश (14) के अलावा तीन बेटियां हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार करीब दो वर्ष पहले मृतक श्यामलाल की पत्नी विंदादेई की बीमारी से मौत हो गई थी।