उन्नाव। ब्लाकों में होने वाले विकास कार्यों में चल रहे खेल पर डीएम ने सख्त रुख अख्तियार किया है। विकास कार्यों में हुई देरी व धांधली पर सभी 16 ब्लाकों में जांच के आदेश दिए हैं। डीडीओ, पीडी व मनरेगा उपायुक्त को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
डीडीओ को छह, जबकि पीडी व मनरेगा उपायुक्त को पांच-पांच ब्लाक आवंटित किए गए हैं। इन सभी अधिकारियों को 18 बिंदुओं पर जांच रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। साथ यह भी पता लगाने के लिए कहा गया है कि योजनाओं की प्रगति में धीमी क्यों रही और क्या दिक्कतें आ रही हैं।
योजनाओं की प्रगति के लिए जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने विकासखंडों के कार्यों का निरीक्षण के लिए तीन अधिकारियों की नियुक्ति की है। डीएम ने जिला विकास अधिकारी (डीडीओ), परियोजना निदेशक (पीडी) और मनरेगा उपायुक्त को इसकी जांच सौंपी है।
डीडीओ को ब्लाक सिकंदरपुर करन, बिछिया, सफीपुर, नवाबगंज, बांगरमऊ व सफीपुर मिले हैं। परियोजना निदेशक को ब्लाक सिकंदरपुर सरोसी, मियागंज, औरास, हसनगंज व गंजमुरादाबाद और उपायुक्त मनरेगा को सुमेरपुर, बीघापुर, हिलौली, असोहा व पुरवा आवंटित किए गए हैं। डीएम ने इन अधिकारियों को सरकार द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों व ब्लाक के अभिलेखों आदि की जांच रिपोर्ट देने को कहा गया है।
कारणों का चलेगा पता
उन्नाव। जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने पत्र के माध्यम से कहा है कि शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की प्रगति में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस निरीक्षण के माध्यम से यह जानकारी मिल जाएगी कि योजनाओं की प्रगति में कहां दिक्कतें आ रही हैं। उनका निदान कर योजनाओं में वांछित प्रगति की जाए। इसके अलावा जिनकी लापरवाही सामने आएगी उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इन कार्यों की होगी जांच
जांच में 18 बिंदुओं को शामिल किया गया है। ये बिंदु है समस्त ग्रांट रजिस्ट्रर एव अभिलेखों का रख-रखाव, क्षेत्र पंचायत द्वारा 13वां वित्त आयोग एवं अभिलेखों का रख-रखाव, राज्य वित्त आयोग द्वारा कराए गये कार्यों की पत्रावलियों का रख-रखाव, खंड विकास अधिकारी का तहसील दिवस रजिस्टर, स्थापना आदेश व स्थापना आदेश पंजिका, आकस्मिक अवकाश, उपस्थित पंजिका, वेतन अभिलेख/ वेतन बिल रजिस्टर एवं तत्सम्बंधी अभिलेखों का रख-रखाव, खंड विकास अधिकारी के प्रात: 10 बजे से 12 बजे जनता दर्शन की शिकायत संबंधी रजिस्टर, अन्य महत्वपूर्ण रजिस्टर, क्षेत्र पंचायत की बैठक का कार्यवाही रजिस्टर व अभिलेखों का रख-रखाव, जेईएमआई के पटल के अभिलेखों का रखा-रखाव, इंदिरा और लोहिया आवासों के अभिलेखों का रख-रखाव, एडीओ (समाज कल्याण) के पटल से पेंशन का सत्यापन व अभिलेखों का रख-रखाव, एडीओ पंचायत कार्यालय का निरीक्षण, परिवार रजिस्टर जारी करने वाले अभिलेखों का रख-रखाव, प्रिया साफ्ट के माध्यम से प्रगति फीडिंग की स्थिति, ग्राम पंचायत के 13 वें वित्त/ राज्य आयोग से प्राप्त धनराशि के अभिलेखों का रख-रखाव, एडीओ (आईएसबी) के पटल के अभिलेखों का रख-रखाव, निरीक्षण गार्ड का रख-रखाव, शासनादेश गार्ड फाइल का रख-रखाव आदि कार्यों के निरीक्षण की रिपोर्ट डीएम को देनी होगी।