सफीपुर (उन्नाव)। विकासखंड की ग्राम पंचायतों में चयनित ग्राम रोजगार सेवकों ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपा। उन्होंने नियमित करने के लिए आवाज बुलंद की।
विकास खंड की 60 पंचायतों के रोजगारकर्मी कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। कहा कि प्रत्येक रोजगार सेवक गांव पंचायत मेें कम से कम 200 मतदाताओं को दिशा देने की क्षमता रखता है। इस नुकसान से बचे और वादे के मुताबिक तत्काल ग्राम पंचायत अधिकारियों की भर्ती पर रोक लगा कर रोजगार सेवकों को समायोजित कर राज्य कर्मचारी का दर्जा दें। ज्ञापन में कहा गया कि मनरेगा कार्यों के अतिरिक्त उनसे वृद्धा, विधवा, विकलांगों, समाजवादी पेंशन के सत्यापन के अलावा बीएलओ, स्वच्छता अभियान, जनगणना व समय-समय पर अन्य कार्य सौंपे जाते हैं। ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष हरिकरन सिंह, उपाध्यक्ष तेज प्रकाश, महामंत्री रणविजय सिंह आदि रहे।
असोहा ब्लाक का भी रोजगार सेवकों ने घेराव किया। ब्लाक अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश की 591463 ग्राम पंचायतों में लगभग 40 हजार रोजगार सेवक कार्यरत हैं। उन लोगों की नियुक्ति मनरेगा के लिए हुई थी लेकिन आज ग्राम पंचायत से संबंधित समस्त कार्य कराए जा रह हैं। धरना प्रदर्शन के बाद रोजगार सेवकों ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पुनीत सिंह, शिव शंकर, शिव कुमार, विनायक, सचिन, सुनील विमल, हरिशंकर, रजनीश, विनीत, विपिन आदि रहे।