उन्नाव। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण में 1.10 लाख नये वोटरों के नाम बढ़ाए गए हैं। 63 हजार आपत्तियां दर्ज हुईं हैं। चुनाव कार्यालय आपत्तियों के निस्तारण में जुटा है। 22 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होना है।
2015 में हुए पंचायत चुनाव में वोटरों की संख्या 19 लाख 13 हजार 143 थी। नवंबर व दिसंबर में चले मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान 1.10 लाख वोटरों में इजाफा हुआ। इस बार वोटरों की संख्या बढ़कर 20 लाख 23 हजार 799 हो गई है। 28 दिसंबर को तहसील सदर, सफीपुर, बांगरमऊ, हसनगंज, बीघापुर एवं पुरवा के विकास खंडों में ग्राम पंचायत की मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन कर दिया गया। सूची निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, खंड विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध कराकर आपत्तियां व सुझाव मांगे गए। इस दौरान 63 हजार आपत्तियां विभाग के पास पहुंची।
इसमें काफी संख्या में लोगों ने नाम गलत होने की जानकारी दी। कुछ मृतकों के नाम हटाने के सुझाव दिए। चुनाव अधिकारी ने आपत्तियों का निस्तारण शुरू किया है। सहायक चुनाव अधिकारी (पंचायत/निकाय) डॉ. संजय द्विवेदी ने बताया कि अधिकांश आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है। मृतकों के नाम हटा दिए गए हैं। बुधवार तक सभी आपत्तियों व सुझावों का निस्तारण हो जाएगा। 22 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उसके बाद मतदाता सूची फाइनल हो जाएगी।