उन्नाव। जिला अस्पताल में मंगलवार रात एक और एसी (आउट डोर) चोरों ने पार कर दिया। यह एसी ट्रामा सेंटर के अस्थि रोग विशेषज्ञ के कमरे में लगा था। इससे पहले ब्लड बैंक तीन और एक्सरे कक्ष में लगे दो एसी के आउटडोर दो चोरी हो चुके हैं। लगातार हो रही चोरियों ने सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी है। चर्चा है कि एसी चोरी की घटनाओं में अस्पताल के ही कुछ कर्मचारियों की मिली भगत है।
अस्थि रोग विभाग में डॉ. मनोज कुमार के कक्ष में लगे एसी की आउट डोर यूनिट को चोरों ने मंगलवार रात पार कर दिया। बुधवार सुबह स्वास्थ्य कर्मी ड्यूटी पर पहुंचे तो एसी नहीं चला। मैकेनिक को बुलाया गया, चेक करने के बाद उसने आउटडोर यूनिट चोरी होने की जानकारी दी।
इससे पहले 16 मई की रात ब्लड बैंक के तीन एसी की आउटडोर यूनिट चोरों ने पार कर दिया था। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस से शिकायत की लेकिन वह चोर तक नहीं पहुंच पाई। इसके बाद 25 मई की रात एक्सरे कक्ष की छत पर रखे दो एसी की आउटडोर यूनिट चोरी हो गई।
चोरी की शिकायत लगातार पुलिस से की जा रही है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती है। इस मामले में भी शिकायत की जाएगी। - डॉ. आरए मिर्जा, सीएमएस
नहीं चल पा रहा ब्लड बैंक
ब्लड बैंक में खून सुरक्षित रहे इसके लिए आठ एसी लगे हुए हैं। ब्लड बैंक में नियंत्रित तापमान की आवश्यकता होती है। इसके लिए डीप फ्रीजर की मदद ली जाती है, लेकिन एसी न होने से डीप फ्रीजर अत्यधिक गर्म हो रहा है। इससे उसमें रखा खून और प्लाज्मा खराब होने का खतरा बढ़ गया। इससे अस्पताल प्रशासन ने 275 यूनिट प्लाज्मा कानपुर हैलट भेजा है। वहीं, डिजिटल एक्सरे कक्ष का प्रिंटर भी नहीं चल पा रहा। इससे एक्सरे को मरीज व डॉक्टर के मोबाइल पर भेजा रहा है।