उन्नाव। 132 केवी सोनिक-बीघापुर व मौरावां लाइन की ऊंचाई बढ़ाने के लिए चार घंटे का शटडाउन लिया गया। दोपहर में चार घंटे तक ग्रामीण उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों की बिजली गुल रहने से लोग परेशान हुए। शटडाउन गुरुवार को भी लिया जाएगा।
जनपद में इस समय लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का निर्माण कराया जा रहा है। काम तेजी के साथ चल रहा है। इसी कारण इस एक्सप्रेसवे के दायरे में आ रही बिजली की उच्च क्षमता की लाइनों की ऊंचाई बढ़ाने का काम किया जा रहा है। विद्युत पारेषण खंड के अधिशासी अभियंता डीपी गुप्ता ने बताया कि बुधवार को 132 केवी सोनिक-बीघापुर व मौरावां लाइन की ऊंचाई बढ़ाने का काम कराया जाना प्रस्तावित था। इसी कारण दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक 132 केवी बिजलीघर बीघापुर एवं मौरावां से जुड़े 33 केवी उपकेंद्र बंद रखे जाए।
जिसके चलते इनसे जुड़े पाटन, पुरवा, बिहार, सुमेरपुर, भगवंतनगर, असोहा, मौरावां, हिलौली आदि क्षेत्रों की चार घंटे तक बिजली गुल रही। बताया कि काम काफी पूरा हो चुका है। कुछ शेष बचा है, जिसके लिए गुरुवार को भी 12 बजे से चार बजे तक शटडाउन लेकर बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी।