उन्नाव। सीपीएफ व जीपीएफ फं ड में हुए करोड़ों के घोटाले को लेकर विभागीय कर्मियों ने दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार किया और अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर दहीचौकी में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बिजली विभाग के सभी कार्यालयों में तालाबंदी रही। जरूरी काम से पहुंचे उपभोक्ता ताला देख मायूस होकर वापस लौटने को मजबूर हुए।
प्रदर्शन के दौरान विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने प्रदेश सरकार से घोटाले पर श्वेतपत्र जारी और सीपीएफ व जीपीएफ की समस्त धनराशि ट्रस्ट को उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि घोटाले के भ्रष्ट अधिकारियों को हटाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अधिशासी अभियंता प्रथम एससी शर्मा ने बताया कि बुधवार से जेई संगठन को छोड़कर अन्य अधिकारी व कर्मचारी कार्य पर लौट आएंगे। जूनियर संगठन कार्य बहिष्कार जारी रखेगा और आगे चार दिनों तक प्रदर्शन करेगा। आगे की रणनीति उसके बाद तय की जाएगी।