उन्नाव। परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों व छात्रों को जल्द शुद्ध पानी पीने को मिलेगा। फ्लोराइड युक्त पानी पीने से छात्रों में हो रही बीमारियों से निजात मिलेगी। स्कूलों में सबमर्सिबल पंप लगवाए जाएंगे। नमामि गंगे योजना के तहत यह काम कराया जाएगा। यूपी प्रोजेक्ट कार्पोरेशन लिमिटेड को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।
जिले में 2035 प्राथमिक व 809 उच्च प्राथमिक स्कूल संचालित हैं। इसमें चार सौ स्कूलों में हैंडपंप खराब होने के कारण पानी की व्यवस्था नहीं है। शिक्षक व छात्र स्कूल से कुछ दूरी पर लगे हैंडपंप से पानी लाने को मजबूर हैं। फ्लोराइड युक्त पानी पीने से छात्र बीमार पड़ रहे हैं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जांच में इसका खुलासा हुआ था। फ्लोराइड युक्त पानी की वजह से छात्रों में पेट की बीमारी, दांत खराब होने और हड्डियों में दिक्कत होने की बात सामने आई थी। बीएसए प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि सभी बीईओ से कहा है कि ब्लॉक के स्कूलाें को खुलवाएं। स्कूल की चाबी रखने वाले शिक्षकों के नाम व मोबाइल नंबर गेट के बाहर चस्पा किया जाए, ताकि काम करने वाली टीम को परेशानी न उठानी पड़े।