सफीपुर। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर रविवार शाम वाहन की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला।
आसीवन थानाक्षेत्र के हाथीखेड़ा निवासी रामसजीवन (60) रविवार शाम पांच बजे साइकिल से नंगाखेड़ा गांव गए थे। शाम 6:30 बजे वह घर लौट रहे थे। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर बारी गांव के पास वाहन ने साइकिल में टक्कर मार दी। घटना में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पीआरवी ने मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया जहां डॉक्टर ने रामसजीवन को मृत घोषित कर दिया। चार बच्चों में अनिल, सुनील, बेटियों में उधमा और पिंकी हैं।
वह खेती कर जीवनयापन करते थे। पति की मौत से पत्नी केशपती और अन्य परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।