सफीपुर। नंगाखेड़ा गांव में गाली-गलौज का विरोध करने पर दो पक्षों में लाठी-डंडे चले। मारपीट में दोनों पक्षों से आठ लोग घायल हो गए। मियागंज सीएचसी से चार लोगों की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया गया।
आसीवन थानाक्षेत्र के गांव नंगाखेड़ा निवासी विनोद (40) पुत्र भगवानदीन मंगलवार शाम बोलेरो से घर पहुंचे। पड़ोसी आशीष घर के पास से तेज रफ्तार गाड़ी निकालने का विरोध कर गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर विनोद पर पत्थर से हमला बोला।
पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस को बताने की खुन्नस रख बुधवार आशीष ने फिर विनोद से अभद्रता की। दोनों पक्षों में लाठी चलने लगी। घटना में विनोद के साथ पत्नी किरन (35), बेटी शिवानी, बेटा रचित, भाई संतोष कुमार, उसकी पत्नी रेनू, वहीं आशीष पक्ष से विजय बहादुर (50), पत्नी आशा देवी (45), बेटा अमन घायल हुए। मियागंज सीएचसी से विनोद, रेनू, विजय बहादुर और अमन कुमार को जिला अस्पताल रेफर किया गया। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर आई है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
-
मिट्टी खनन की शिकायत पर जांच की घुट्टी
बीघापुर। कोतवाली क्षेत्र के दांदामऊ गांव के रविकुमार ने निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के पास मियागंज गांव के बाहर उसके खेतों से मिट्टी खनन की शिकायत पुलिस से की। पीड़ित ने दो डंपर मिट्टी रुकवाई है। हल्का दरोगा लक्ष्मण पांडेय ने बताया कि लेखपाल को बुलाया गया है। खेत की नाप करा आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)