उन्नाव। हसनगंज तहसील के मिर्जापुर कला के केशव प्रसाद स्मारक महाविद्यालय की छात्राओं की परीक्षाएं अब कानपुर विश्वविद्यालय के बजाय डीएसएन डिग्री कॉलेज में हाेंगी। अधिक दूरी होने से परीक्षा केंद्र में बदलाव किया गया है।
मिर्जापुर कला के केशव प्रसाद महाविद्यालय में शिवशंकर सिंह शिवराम सिंह महाविद्यालय, अमरनाथ महाविद्यालय व राम भरोसे महाविद्यालय का सेंटर था। इसमें 420 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे। परीक्षा के पहले ही दिन हुए बवाल के बाद कुल सचिव ने इस परीक्षा केंद्र के छात्रों की परीक्षाएं विश्वविद्यालय परिसर में कराने के निर्देश दिए थे। इसमें केशव प्रसाद स्मारक महाविद्यालय की 145 छात्राएं भी शामिल थीं। परीक्षा केंद्र से विश्वविद्यालय कैंपस की दूरी 40 किलोमीटर होने से छात्राओं को पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ता। इसे देखते हुए कुल सचिव ने छात्राओं का परीक्षा केंद्र बदलकर डीएसएन डिग्री कॉलेज कर दिया है। 22 जुलाई से छात्राएं डीएसएन में परीक्षाएं देंगी। छात्रों को यूनिवर्सिटी जाना होगा। परीक्षा के नोडल विपिन सिंह ने बताया कि प्राचार्य को जानकारी दे दी गई है। वह छात्राओं को परीक्षा केंद्र बदलने की सूचना देंगी।