उन्नाव। बीएसए ने ब्लॉक सिकंदरपुर सरोसी की बीआरसी, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय व परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया। कस्तूरबा स्कूल व चिलौला स्थित प्राथमिक स्कूल प्रांगण में सफाई व्यवस्था सही नहीं मिली। अभिलेखों का रख-रखाव भी सही नहीं मिला। इस पर नाराजगी जताई और सुधार के लिए चेतावनी दी।
बीएसए जय सिंह सोमवार सुबह चिलौली प्राथमिक स्कूल पहुंचे। यहां शिक्षामित्र सतयेंद्र सिंह अनुपस्थित थे। सपना सिंह अवैतनिक अवकाश पर थीं। बीईओ को शिक्षामित्र का मानदेय रोकने के निर्देश दिए। विद्यालय प्रांगण में सफाई नहीं मिली। अभिलेखों का रख-रखाव भी सही नहीं पाया। प्रधान शिक्षिका नीलम रावत को सुधार की चेतावनी दी। उसके बाद वह सरोसी प्रथम के कंपोजिट स्कूल पहुंचे। विद्यालय स्टॉफ उपस्थित मिले। सफाई व्यवस्था के साथ रजिस्टर का रख-रखाव सही पाया। ब्लॉक संसाधन केंद्र में भी व्यवस्था चाक-चौबंद मिलीं। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में लेखाकार सविता देवी अनुपस्थित मिलीं। प्रांगण में सफाई सही नहीं मिली। विद्यालय का नाम भी साफ अक्षरों में नहीं लिखा था। रसोईघर में खाद्यान्न का रख-रखाव भी सही नहीं पाया। वार्डन को फटकार लगाई और स्कूल का नाम सही कराने के साथ व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान बीईओ आशीष चौहान उपस्थित रहे।