उन्नाव। छात्राओं को स्वावलंबी बनाने के लिए गांव में ही समूह बनाकर कपड़ों की सिलाई, अगरबत्ती व ज्वैलरी बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए शिक्षिका का सहयोग शुक्लागंज की एक महिला समाजसेवी कर रही हैं।
ब्लॉक सिकंदरपुर कर्ण के गांव कटरी पीपरखेड़ा कंपोजिट स्कूल की शिक्षिका रचना सिंह ने मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत छात्राओं को स्वावलंबी बनाने के लिए मुहिम छेड़ी है। इसमें अब तक 38 छात्राएं जुड़ चुकी हैं। कक्षा 5 से 8 तक की 27, इस स्कूल से पढ़कर निकलीं 7 व चार स्नातक की छात्राएं शामिल हैं। इस काम में शुक्लागंज की समाज सेविका वसुंधरा उनका सहयोग कर रही हैं। उन्होंने सिलाई की तीन मशीनों को उपलब्ध कराने के साथ अन्य सामग्री भी उपलब्ध कराई है। छात्राओं को कपड़ों की सिलाई के साथ अगरबत्ती बनाने व ज्वैलरी मेकिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिक्षिका रचना सिंह ने बताया कि इस मुहिम में स्नातक प्रथम वर्ष में पढ़ाई करने वाली छात्राओं को भी जोड़ा जा रहा है। अभी ग्रामसभा कटरी पीपरखेड़ा के मजरे जुराखन खेड़ा व नयाखेड़ा में इस मुहिम का संचालन किया जा रहा है। शिक्षिका व समाजसेवी के इस प्रयास की ग्रामीण व अभिभावक भी प्रशंसा कर रहे हैं। इस मुहिम में बालिकाओं में सीमा, आशा, जानकी, रेखा, गुड्डी, गुड़िया, निर्मला, गीता, रूपा, आसमा, आशा, अमिता, पलक, चांद, मुस्कान, तनिष्का, नीतू, मूर्ति, नंदिनी, कविता, ज्योति, उपासना, प्रीती सहित अन्य बालिकाएं प्रशिक्षण ले रहीं हैं।