औरास(उन्नाव)। थानाक्षेत्र के गोबारि गांव में बुधवार को शराब के नशे में धुत सगे भाइयों में आपसी विवाद के बाद डंडे व कुल्हाड़ी चली। एक होमगार्ड सहित नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया। बाद में होमगार्ड जवान सहित तीन को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान होमगार्ड की मौत हो गई। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गोबारि गांव निवासी होमगार्ड जवान रामबहादुर का बुधवार सुबह नशे की हालत में छोटे भाई राम सिंह से विवाद के दौरान गालीगलौज हुई बाद में दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर डंडे व धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। सिर में कुल्हाड़ी के वार से होमगार्ड रामबहादुर लहूलुहान होकर गिर गया। बचाने में सबसे छोटा भाई शिवपाल उसकी बेटी रूबी व बेटा जितेंद्र घायल हो गया। वहीं, दूसरे पक्ष से हमले में रामसिंह के अलावा सूरजभान, मुनेश्वर, अवधेश व उमाशंकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी मियागंज पहुंचाया। जहां होमगार्ड रामबहादुर, शिवपाल व रामसिंह की हालत गंभीर देख लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। यहां होमगार्ड जवान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पहले पक्ष से रामबहादुर की भतीजी रूबी ने तहरीर देकर रामसिंह, मुनेश्वर सहित 6 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, दूसरे पक्ष से सूरजभान के बेटे उमाशंकर ने रामबहादुर, शिवपाल सहित 6 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश रजक ने बताया कि दोनों पक्ष से रिपोर्ट दर्ज की गई है। इलाज के दौरान होमगार्ड जवान की मौत की जानकारी हुई है। गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।