औरास। थाना क्षेत्र के नंदौली गांव में रविवार रात महिला के फंदा लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित चार ससुरालीजनों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के बहरौली जहानपुर निवासी संजय सिंह ने अपनी बेटी प्रांशी की शादी आठ दिसंबर 2022 को औरास थानाक्षेत्र के नंदौली गांव के इंद्र बहादुर सिंह के बेटे अनुज सिंह के साथ की थी। रविवार रात आठ बजे प्रांशी ने पति से विवाद के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे।
सूचना पर पहुंचे मृतका के पिता ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि बेटी की शादी में उन्होंने सामर्थ्य से अधिक दान दहेज दिया था। इसके बाद ससुरालीजन बेटी से अतिरिक्त दहेज की मांग करके आए दिन प्रताड़ित करते थे। ससुराल के लोग दहेज में कार की मांग कर रहे थे। इससे परेशान होकर बेटी ने फंदे से लटककर जान ने दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति अनुज सिंह, सास रजनी, ननद बबिता, नन्दोई भूपेंद्र सिंह के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। थानाध्यक्ष भवन सिंह मौर्य ने बताया कि पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।