उन्नाव। कोविड-19 महामारी से निजात पाने के उद्देश्य से बनाई गई विभिन्न 11 समितियों की बैठक में डीएम रवींद्र कुमार ने संचारी रोग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए डोर-टू-डोर सर्वे कराने में तेजी लाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय से मास्क न लगाने वालों का चालान करने को कहा। कहा कि जो भी होटल, रिसोर्ट आदि कोविड से संबंधित मरीजों के लिए तय किए गए हैं। उनकी नियमित रूप से साफ -सफाई, मरीजों के खाने पीने की व्यवस्था आदि समय से सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को विशेष स्वच्छता, सैनिटाइजेशन एवं सर्विलांस का विशेष अभियान चलाया जाए। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके गौतम से मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त सामग्री के बारे में जानकारी ली। कहा कि उपलब्ध वेंटीलेटर को एक्टिव रखा जाए जिससे समय रहते मरीजों को उचित इलाज मिल सके। निकाय के अधिशाषी अधिकारियों को निर्देश दिए कि बकरीद व रक्षाबंधन पर्वों पर जनपद में साफ -सफ ाई की व्यवस्था करें। विद्युत अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में बिजली की व्यवस्था निरंतर बनाए रखें।