निराला प्रेक्षागृह में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्ष?
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराने के लिए निराला प्रेक्षागृह में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को प्रशिक्षण के साथ आवश्यक जानकारी दी गई। चेतावनी दी गई कि लापरवाही पर चुनाव आयोग कार्रवाई कर सकता है।
सहायक प्रशिक्षण अधिकारी आरईएस अवर अभियंता जय सिंह ने सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट के दायित्व बताए। बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट पोलिंग पार्टी के प्रस्थान से लेकर निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कराएंगे। इसके बाद मतपेटिकाओं को पुलिस की सुरक्षा में सुरक्षित रूप से निर्धारित स्ट्रांग रूम में पहुंचाएंगे।
सेक्टर मजिस्ट्रेट को अतिरिक्त रूप से मतपेटिकाएं एवं निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।किसी भी प्रकार की अप्रिय सूचना तुरंत उप जिलानिर्वाचन अधिकारी या जिला निर्वाचन अधिकारी को देनी होगी। नगर मजिस्ट्रेट चंदन पटेल ने हिदायत दी कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई अथवा लापरवाही पाए जाने पर आयोग द्वारा कार्रवाई की जा सकती है।
इसलिए पूरी तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कहा कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित आरओ/एआरओ के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। अपर प्रशिक्षण प्रभारी देवेश सचान ने आयोग द्वारा जारी कोविड-19 के प्रोटोकॉल की जानकारी दी। इस दौरान जिला विकास अधिकारी मनीष कुमार, समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र भदौरिया व लघु सिंचाई जेई दिलीप कुमार मौजूद रहे।
निराला प्रेक्षागृह में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव प्रशिक्षण में मौजूद जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट।- फोटो : UNNAO