-वाहन रिलीज पत्र जारी करने के एवज में 20 हजार रुपये की घूस लेते पकड़े जाने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। छह दिन पहले खनन कार्यालय के बाहर से वाहन रिलीज पत्र जारी करने के नाम पर 20 हजार रुपये की घूस लेते पकड़े गए मामले को डीएम ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने खनन अधिकारी व लिपिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए पत्र शासन को भेजा है।
मालूम होकि लखनऊ निवासी वाहन स्वामी का ट्रक बारासगवर खनिज के साथ थानाक्षेत्र में ओवरलोडिंग में पकड़ा गया था। इसके लिए उसने एआरटीओ का लगाया गया जुर्माना जमा कर दिया था। इसके बाद खनन कार्यालय से जारी होने वाले वाहन रिलीज पत्र के लिए संपर्क किया था तो उससे 20 हजार रुपये की घूस मांगी गई थी।
उसने एंटी करप्शन से संपर्क करके 23 जुलाई को यहां पर काम करने वाले बाहरी व्यक्तियों में अमित कुमार व रजनीकांत शर्मा को पकड़वाया था। वहीं एंटी करप्शन ने लिपिक संतोष कुशवाहा को भी पकड़कर ले गई थी और तीनों पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। डीएम गौरांग राठी ने बताया कि मामला गंभीर है। इसलिए मामले में खनन अधिकारी केबी सिंह व लिपिक संतोष कुमार कुशवाहा के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा है।