उन्नाव। कोरोना के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए केंद्र सरकार द्वारा तैयार कराए गए आरोग्य सेतु एप को डाउनलोड कराने में जिले की प्रगति काफी खराब है। कुल आबादी के सापेक्ष एप डाउनलोड करने वालों की संख्या 4 प्रतिशत से भी कम होने पर मुख्य सचिव के नाराजगी जताने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके बाद डीएम ने तीन जिम्मेदार अफसरों को पत्र भेजकर प्रगति सुधारने का अल्टीमेटम दिया है।
कोरोना महामारी के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए मोदी सरकार ने आरोग्य सेतु एप तैयार कराया है। सरकार का दावा है कि इस एप के डाउनलोड करने से व्यक्ति को कोरोना के दुष्परिणाम और उनके बचाव के उपायों की जानकारी हो सकेगी। इस एप को हर मोबाइल में डाउनलोड कराने की जिम्मेदारी डीपीआरओ, डीआईओएस व बीएसए को दी गई है। 30 अप्रैल को मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी द्वारा खराब प्रगति वाले जिलों की सूची जारी की गई। इसमें उन्नाव का नाम भी शामिल है। जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में कहा कि जिले की कुल आबादी के सापेक्ष एप डाउनलोड करने वालों की संख्या 4 प्रतिशत से भी कम है। यह स्थिति असंतोषजक है।
इस पत्र के बाद जिला प्रशासन सतर्क हुआ और डीएम रवींद्र कुमार ने तीनों अधिकारियों को कड़ा पत्र जारी किया। लगातार की गई समीक्षा के बाद भी सुधार न होना आपत्तिजनक है। निर्देश दिया कि युद्धस्तर पर अभियान चलाकर शासकीय/अर्द्धशासकीय कर्मचारियों के साथ आम जनमानस को भी इस एप को डाउनलोड कराने के लिए प्रेरित करें। इसमें गैर सरकारी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थाओं का भी सहयोग लें। चेतावनी दी है कि तीन दिन में सुधार नहीं आएगा तो कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। डीएम ने आम लोगों से भी इस एप को डाउनलोड करने का आह्वान किया है।