फोटो-2-परियर समिति में खिड़की का टूटा शीशा देखते किसान। संवाद
परियर। कड़ाके की सर्दी में शनिवार की सुबह से खाद के लिए लाइन में लगे किसानों ने लंबे समय तक नंबर न आने पर हंगामा शुरू कर दिया। सचिव से नोकझोंक हुई। इससे आक्रोशित एक किसान ने समिति की खिड़की और दरवाजों में लगे शीशे तोड़ दिए और मौके से भाग गया। सचिव ने पुलिस को सूचना दी है।
विकासखंड सिकंदरपुर सरोसी की साधन सहकारी समिति सुब्बाखेड़ा व मरौंदा में यूरिया लेने के लिए किसान कड़ाके ही ठंड व कोहरे के बीच शनिवार सुबह आठ बजे से ही पहुंचने लगे थे। साढ़े नौ बजे समिति खुली। लाइन में लगे किसानों के कागज जमा कराकर टोकन वितरित किए जाने लगे। इसमें सुबह से दोपहर होने लगी। जब काफी किसानों का नंबर नहीं आया तो वहां पर विवाद होने लगा। कुछ किसानों ने अन्य को पहले खाद देने व उनका नंबर शाम तक न आने की बात कहकर सचिव से नोकझोंक शुरू कर दी।
इस दौरान एक किसान ने समिति के खिड़की, दरवाजों पर तोड़फोड़ कर दी। समिति में मौजूद महिलाओं में विमला, लीलावती, शिवकुमारी, मुन्नी आदि ने बताया कि वह सुबह आठ बजे से समिति आई हैं। सचिव ने दोपहर तीन बजे तक न उनको टोकन दिया और न ही खाद दी। सचिव प्रदीप कुमार ने बताया कि तोड़फोड़ करने की सूचना पुलिस को दी गई है। इसमें महिलाएं भी शामिल हैं। नंबर आने पर खाद दी जाएगी।