दिव्यांग पिता को कंधे पर लादकर अचलगंज थाना पहुंचा।
- फोटो : UNNAO
अचलगंज। जमीन के लालच में छोटे भाई ने बड़े भाई व भतीजे को पीटकर घायल कर दिया। न्याय के लिए दिव्यांग बेटा घायल पिता को कंधे पर लादकर पुलिस की चौखट पर पहुंचा। बेटे का आरोप है कि चाचा ने धोखे से 11 बिसुआ जमीन अपने नाम करा ली थी। उसने विरोध किया तो पिता को पीटकर घायल कर दिया। बताया कि पुलिस से कई बार शिकायत की लेकिन उसे मदद नहीं मिली।
अचलगंज थानाक्षेत्र के कुशलपुर मजरे वसैना निवासी एक पैर से दिव्यांग रामखेलावन ने बताया कि वह पिता मुचई के साथ घर में रहता है। पिता के हिस्से में 11 बिसुआ जमीन थी। इस जमीन को चाचा ने अपने नाम करा लिया था। रामखेलावन ने बताया कि बुधवार सुबह जमीन को लेकर हुए विवाद में चाचा ने उसे व उसके पिता को जमकर पीटा। मारपीट करने के बाद आरोपी चाचा भाग निकला। आरोपी के खिलाफ शिकायत करने के लिए रामखेलावन ने पिता को कंधे पर लादा व छह किलोमीटर पैदल चलकर थाने पहुंचा।
थाना में पुलिस ने पूछा कि उसने पुलिस को फोन से सूचना क्यों नहीं दी इस पर बताया कि उसके पास मोबाइल फोन नहीं है। जिससे वह सूचना नहीं दे सका। प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि तहरीर लेकर पुलिस को जांच के लिए गांव भेजा है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। बेटे ने बताया कि छह महीने पहले भी चाचा ने मारपीट की थी। तब उनसे थाने में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी।