ताला डालते डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के सचिव।
- फोटो : अमर उजाला
तीन पदोन्नत वेतनमान दिए जाने समेत अन्य मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से हड़ताल पर चल रहे डिप्लोमा इंजीनियरों ने बुधवार को कई कार्यालयों में ताले डाल दिए। नौ दिनों से बेमियादी हड़ताल कर रहे डिप्लोमा इंजीनियरों ने डीएम कार्यालय के बाहर झाड़ी शाह बाबा मजार परिसर में सभा की। इस दौरान सरकार की नीतियों को कोसा गया।
उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के आह्वान पर 24 घटक संगठनों के डिप्लोमा इंजीनियर्स नौ दिन से अनिश्चितकालीन महाहड़ताल पर हैं। डिप्लोमा इंजीनियरों का कहना है कि उन्हें 4800 का ग्रेड पे दिया जाए। साथ ही तीन पदोन्नति वेतनमान का भी लाभ मिले। इसके अलावा इनकी अन्य मांगें भी हैं। बुधवार को डिप्लोमा इंजीनियरों के सब्र का बांध टूट गया। सरकार के मांगों पर सुनवाई न करने पर सभी ने एकजुट होकर विभागीय कार्यालयों में ताला डालना शुरू कर दिया। संघ के पदाधिकारियों ने जलनिगम, नलकूप समेत अन्य विभागों में तालाबंदी की।
जिलाध्यक्ष मिश्रीलाल ने कहा कि पे बैंड व तीन पदोन्नत वेतनमान मनवाने के लिए डिप्लोमा इंजीनियर एकजुट हैं। मांगों को लेकर हर स्तर तक आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान केशवराम, रामहरीश, वीएन उपाध्याय, जगदीप बाजपेई, पोरवाल, प्रदीप कुमार, राजेश कुमार, भावनाराज सिंह, रजनी सिंह, हुकुम सिंह आदि मौजूद रहे।