एक महीने से खराब चेस्ट डिटेक्टर, नया आने के बाद शुरू होगी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में डिजिटल एक्सरे कक्ष में सीने का एक्सरे एक माह से ठप हैं। स्वास्थ्य कर्मियों के अनुसार मशीन का डिटेक्टर खराब हो गया है। इससे जांच बंद है। इससे यहां आने वाले टीबी के अलावा सीने में दर्द और चोट के मरीजों को बाहर से एक्सरे कराना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में सीने दर्द और चोट क रोजाना औसतन 40 मरीज डॉक्टर को दिखाने पहुंचते हैं। इसके अलावा चेस्ट फिजीशियन के पास औसतन 40 टीबी जैसे लक्षण वाले मरीज पहुंचते हैं। ऐसे मरीजों को डॉक्टर सीने का एक्सरे लिख रहे हैं। लेकिन एक माह से डिजिटल चेस्ट एक्सरे मशीन का डिटेक्टर खराब है।
गुरुवार को सीने के एक्सरे के लिए 35 मरीज पहुंचे। स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों से मशीन खराब होने की बात कही। मरीजों को मजबूरन निजी पैथोलॉजी में एक्सरे कराना पड़ रहा है। एक्सरे टेक्नीशियन वीरेंद्र ने बताया कि डिटेक्टर खराब होने से जांच नहीं हो पा रही है। नया डिटेक्टर आन के बाद ही जांच शुरू होने की उम्मीद है।
बाधित रही सीटी स्कैन जांच
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में सीटी स्कैन सेंटर संचालित है। डॉक्टर सिर में दर्द, चोट, पेट रोग आदि के गंभीर मरीजों को सीटी स्कैन कराने की सलाह देते हैं। गुरुवार आठ बजे शुरू हुए सेंटर में सुबह से ही मरीजों की भीड़ बनी रही। जांच के लिए 35 पर्चे जमा हुए। दोपहर एक बजे कंप्यूटर में कुछ तकनीकी दिक्कत आ गई। इससे जांच बंद हो गई। करीब दो घंटे बाद जांच शुरू हो सकी।