उन्नाव। नया साल 2015 जिला वासियों के लिए कई नई सौगातें लेकर आ रहा है। इसमें जिले के कई विभाग भी स्थानीय लोगों को अपनी ओर से कई सुविधाएं देने में भूमिका निभाने जा रहे हैं। इसमें डाक विभाग, दूर संचार विभाग, नगर पालिका, प्रदूषण नियंत्रण कंट्रोल बोर्ड और जिला सेवायोजन विभाग की भी हिस्सेदारी रहेगी।
डाक ग्राहकों की जेब में होगा एटीएम
शहर के प्रधान डाकघर को विभाग की ओर से पॉयलट ऑफिस घोषित किया जा चुका है। इसी के साथ प्रधान डाकघर को कई सुविधाओं से लैस किया गया है। इसमें 2014 में प्रधान डाकघर को सीबीएस किया जा चुका है।
इसके बाद अब 2015 में विभाग अपने ग्राहकों को एटीएम की सुविधा देने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए प्रधान डाकघर के बाहर एटीएम बूथ बनकर तैयार हो गया है। हेड पोस्टमास्टर सियाराम गुप्ता की मानें तो जल्द ही डाक ग्राहकों को एटीएम की सुविधा मिलेगी।
2- जिले के गरीबों के लिए बनेगा पालिका बाजार
जिला वासियों को नगर पालिका की ओर से दिल्ली की तर्ज पर एक पालिका बाजार की सौगात देने की तैयारी की गई है। इसके लिए नगर पालिका ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। पालिका प्रशासन ने इस मार्केट को बनाने के लिए जमीन तलाश कर स्टीमेट भी तैयार करवा लिया है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो इसमें शहर व जिले के गरीब जो शहर में रहकर कई छोटे काम कर रहे हैं उन्हें इसमें स्थान दिया जाएगा। नगर पालिकाध्यक्ष रामचंद्र गुप्ता ने कहा कि पालिका बाजार को 2015 में तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला वासियों को प्रदूषण से मिलेगी मुक्ति
उन्नाव को मानक से अधिक प्रदूषित जिला माना जाता है। यहां पर टेनरियां, स्लाटर हाउस, पेपर मिल, सुगर मिल, केमिकल फैक्ट्रियों समेत 17 अन्य समग्र प्रदूषणकारी इकाईयों के अलावा कई अन्य फैक्ट्रियां ऐसी हैं जो बड़ी मात्रा में प्रदूषण फैलाती हैं।
विभाग ने ऐसी सभी इकाईयों को एक सतत सुदूर संचारण अनुश्रवण प्रणाली (ऑन लाइन मॉनिटरिंग सिस्टम) से जोड़ने की तैयारी कर ली है जो चिप व सेंसर के जरिए लखनऊ हेड ऑफिस के मास्टर सर्वर से जुड़ जाएगा और पल-पल प्रदूषण के घटने व बढ़ने की जानकारी देता रहेगा। विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. रामकरन नेे कहा कि जिले के सभी फैक्ट्री संचालकों को मार्च-15 के अंत तक इस प्रणाली से जुड़ जाने के आदेश दे दिए गए हैं।
सेवायोजन विभाग दिलाएगा रोजगार
जिला सेवायोजन विभाग अब जिले के बेरोजगारों को सेवायोजन डॉट ओआरजी पोर्टल के जरिए पूरे देश की कंपनियों के पोर्टल से जोड़ने की तैयारी कर रहा है। जिसकी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इसे सन 2015 में लांच कर दिया जाएगा। सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि इससे बेरोजगार अभ्यर्थी को उसके मनमुताबिक रोजगार मिलने में सहायता मिलेगी।
इसके अलावा बताया कि पूर्व में जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से कार्यालय में ही रोजगार मेले लगाकर बेरोजगारों को रोजगार दिलाए जाते थे। लेकिन विभाग के नए निर्देश के अनुसार नए साल से विभागीय अधिकारी जिले के सभी डिग्री कॉलेज व महाविद्यालयों में जा-जाकर कैंपस सिलेक्शन करेंगे और छात्र-छात्राओं को उनके कोर्स पूरा करने से पहले ही नौकरी मिल जाएगी।