बेहटामुजावर। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ बस स्टाप तक पहुंचने में हो रही समस्या को लेकर लोगों ने यूपीडा के अफसरों को पत्र भेजकर समस्या हल करने की मांग की है। ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई है। लोगों ने बताया कि वह सांसद और विधायक से मिलकर समस्या से निजात दिलाने की मांग करेंगे।
वर्ष 2016 में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हुआ था। उन्नाव और हरदोई के लोगों की सुविधा के लिए बांगरमऊ के जगटापुर गांव के पास किलोमीटर संख्या 238 पर टोल प्लाजा और कुछ दूरी पर एक्सप्रेसवे पर बस स्टाप निर्धारित है।
उन्नाव और हरदोई की तरफ लोगों को पहुंचने के लिए 60-60 सीढ़ियां बनी हैं। यहीं से सीढ़ी चढकर एक्सप्रेसवे पहुंचते हैं और फिर चार फीट ऊंची दीवार फांदकर बस व अन्य सवारी साधनों तक पहुंचते हैं। दीवार को फांदने में अक्सर पुरुष, महिलाएं और बच्चों चुटहिल भी होते हैं।
व्यापारी गणेश कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र के व्यापारी बस और दूसरे साधनों से लखनऊ, दिल्ली आदि जाते हैं। दीवार को काट कर एक व्यक्ति के निकलने भर का रास्ता बनाया जाए। अधिवक्ता मुजम्मिल अहमद ने बताया कि दीवार को फांदने में अक्सर लोग घायल हो जाते हैं। इसका जल्द समाधान किया जाना चाहिए।
बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार ने बताया कि वह शनिवार को लखनऊ जाएंगे, यूपीडा के अधिकारियों से मिलकर इस जन समस्या से अवगत कराएंगे और जल्द समाधान कराएंगे।