लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गहरपुरवा के सामने बाइक सवार ने युवक को टक्कर मार दी। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गहरपुरवा निवासी नन्हेलाल (35) पुत्र इंद्रपाल ने गंगा तलहटी में सब्जी बोया था। नन्हेलाल और उसकी पत्नी रामदेई सब्जी की रखवाली कर शनिवार देर शाम घर आ रहे थे। गांव के पास एक्सप्रेस-वे पर सामने से आ रहे गांव के ही रामऔतार पुत्र जगदीश की बाइक से नन्हेलाल को टक्कर लग गई। इससे वह काफी दूर जा गिरा।
गंभीर चोट आने से नन्हेलाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। रामदेई के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तब तक रामऔतार मौके से बाइक लेकर भाग निकला था। सूचना पाकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के एक लड़की व दो लड़के हैं। नन्हेलाल के भाई रामेश्वर ने बताया कि रामऔतार के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
मार्ग दुर्घटना में सात लोग घायल
नवाबगंज। लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को तीन मार्ग दुर्घटनाओं में सात लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया। अजगैन के मोहान मार्ग पर नवई के पास परमेश्वरी (60) पत्नी अयोध्या निवासी नानाटीकुर अपने बेटे के साथ बाइक से जा रही थी।
बाइक ब्रेकर पर असंतुलित हो गई और परमेश्वरी गिरकर घायल हो ई। नवाबगंज में ब्लाक कार्यालय के सामने असोहा निवासी बाइक सवार दिलीप (45) अपनी बेटी दीपिका को बाइक से लेकर जा रहे थे, तभी कार की टक्कर से दोनों घायल हो गए।
वहीं पक्षी विहार के पास कानपुर के रामादेवी निवासी सुनील, उनकी पत्नी सुमन, बेटी अंकिता व मां शांती के साथ कार से लखनऊ से कानपुर जा रहा था। नवाबगंज के पास टेंपो को ओवरटेक करते समय उससे टकरा गई। इससे टेंपो में बैठे यात्रियों में सुनील, सुमन व दीपिका सहित तीन लोग घायल हो गए।