फोटो-2- शिवप्रसाद उर्फ भोरा (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
असोहा (उन्नाव)। पाठकपुर गांव में दो दिन पहले घर से मजदूरी करने की बात कहकर निकले युवक का शव पांच सौ मीटर दूर गांव में ही एक धान के खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने जांच की, परिजनों ने उसे शराब का लती बताया है।
थानाक्षेत्र के गांव पाठकपुर निवासी शिवप्रसाद उर्फ भोरा (48) मजदूरी करता था। 17 अगस्त को वह घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन घर नहीं लौटा। भाई राजाराम के मुताबिक शिवप्रसाद शराब का लती था। वह अक्सर दो से तीन दिन बाद ही घर लौटता था। इसलिए उन लोगों ने उसकी तलाश नहीं की और न ही गुमशुदगी दर्ज कराई। वह अविवाहित था। मंगलवार सुबह गांव के ही राकेश के धान के खेत में शव पड़ा होने का पता चला। ग्राम प्रधान चमन सिंह की सूचना पर पुलिस ने जांच की।
थानाध्यक्ष निखलेश कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। भाई ने शराब का लती बताया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।