नहर में वृद्ध् रामऔतार के शव की तलाश करते गोताखोर व लगी भीड़।
- फोटो : UNNAO
गंजमुरादाबाद। लापता वृद्ध का शव तालाब में मिला है। वह रविवार दोपहर मवेशी चराने गया था। तभी से घर नहीं लौटा था। पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच शुरू की है।
बेहटाजुजाबर थाना क्षेत्र के शादीपुर के मजरा अलौलाखेड़ा निवासी रामऔतार (60) रविवार दोपहर मवेशी चराने घर से निकला था। देर शाम तक घर न लौटने पर खेत के आसपास तलाश की तो मवेशी चरते मिले लेकिन रामऔतार का कहीं पता नहीं चला। छोटे भाई बलराम की पत्नी रुक्मणि ने थाने में गुमशुदगी की सूचना दी।
पुलिस ने भी तलाश की लेकिन अंधेरा हो जाने से उसका सुराग नहीं लगा। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रामऔतार की पत्नी कौशल्या की 15 साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। इकलौती बेटी माधुरी का विवाह हो चुका है। वह अपनी ससुरा में ही रहती है। वह छोटे भाई बलराम और उसकी पत्नी रुक्मणि के साथ रहता था।
सोमवार सुबह पुलिस ने फिर बुजुर्ग की तलाश शुरू की तो खेत से पचास मीटर की दूरी पर शारदा नहर की पटरी पर चप्पल मिली। घरवालों ने चप्पलों की पहचान की।
इसके बाद शुक्लागंज से गोताखोर बुलाकर नहर में तलाश शुरू कराई गई। बीस मिनट तलाश के बाद पांच सौ मीटर दूर नहर में रामऔतार का शव मिला। सीओ एके राय ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।