उन्नाव। गंजमुरादाबाद में महिला शिक्षामित्र, बांगरमऊ में मजदूर व मौरावां में किसान के शव फंदे से लटके मिले। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के कस्बा गंजमुरादाबाद के मोहल्ला मिश्राना निवासी संजय कौशिक की पत्नी मनोरमा (35) विकास खंड के ग्राम देवरिया स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर तैनात थी। शनिवार तड़के चार बजे बेटी की नींद खुली तो मां को कमरे में छत के कुंडे से लटका देख वह चीख पड़ी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन उसे नीचे उतारा और सीएचसी बांगरमऊ ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मां की मौत से 10 वर्षीय बेटे सुंदरम व बेटी अनन्या का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। चौकी प्रभारी राजेंद्रकांत ने बताया कि शुक्रवार शाम पति से कहासुनी के बाद मनोरमा के फंदे से लटककर आत्महत्या की बात प्रकाश में आई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नन्हू पुरवा मजरा जमुनिया निवासी 45 वर्षीय रघुवीर पुत्र तोताराम का शव उसके घर के पीछे पेड़ में लटकता मिला। शौच क्रिया को निकले गांव के लोगों ने शव लटकता देख परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पत्नी उर्मिला देवी व बेटा राहुल शव देख गश खाकर गिर गए। मृतक की पत्नी उर्मिला ने पुलिस को बताया कि पति काफी समय से बीमार चल रहे थे। बीमार से ऊबकर फंदे से लटककर जान दे दी।
उधर, मौरावां थाना क्षेत्र के सरांय मुबारक गांव निवासी सुरेश कुमार लोधी (35) पुत्र सत्यराम का शव शनिवार सुबह कोठरी में पत्नी की साड़ी से लटका मिला। पड़ोसियों के अनुसार सुबह अधिक देर तक दरवाजा न खुलने पर खिड़की से झांककर देखने पर शव लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। एसओ अनिल सिंह के अनुसार मृतक के भाई नन्हकऊ ने बताया कि सुरेश अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ घर पर रहता था। गुरुवार सुबह सुरेश से विवाद के बाद उसकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर मायके रायबरेली के गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के नरैनी का पुरवा गांव चली गई थी। पत्नी के मायके जाने से क्षुब्ध होकर सुरेश ने फंदे से लटककर जान दे दी। अभी तक आरोप जैसी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
फंदे से लटका मिला अधेड़ का शव
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव खारपुरवा निवासी 55 वर्षीय राजाराम पुत्र नारायण का शव गांव के निकट एक शीशम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जब शव लटका देखा तो कोहराम मच गया। देर शाम तक घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।