गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार भोर पहर कुत्ते के सामने आ जाने से तेज रफ्तार डीसीएम निजी बस की टक्कर से पलट गई। हादसे में डीसीएम चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 25 लोग घायल हो गए। सभी सैफई में एक भोज में खाना बनाने जा रहे थे।
उधर, हादसे में लखनऊ से आगरा जा रही बस भी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि इसमें सवार 30 यात्री बाल-बाल बच गए। घायलों को पुलिस व यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने सीएचसी पहुंचाया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा।
इटावा के सैफई में सुरेश चंद्र यादव की शनिवार 18 नवंबर को पुण्यतिथि पर आयोजित भोज में खाना बनाने का ठेका हरदोई के थाना अतरौली के गांव नउआखेड़ा निवासी कैटर्स मोहित (35) ने लिया था। शुक्रवार सुबह सभी लोग डीसीएम से लखनऊ आलमबाग से इटावा जा रहे थे।
डीसीएम लखनऊ के शाहीखेड़ा निवासी चालक लालबहादुर (47) चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब चार बजे गांव सबलीखेड़ा के पास डीसीएम के सामने एक कुत्ता आ गया। चालक ने ब्रेक लगाई तो पीछे आ रही निजी बस डीसीएम में भिड़ गई।
हादसे के बाद पांच एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर ने लालबहादुर और मोहित को मृत घोषित कर दिया। सभी 25 घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में आठ घायलों की मरहम पट्टी करने के बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि 17 घायलों को दोपहर बाद पहुंचे परिजन रेफर कराकर साथ लेकर चले गए।