एक्सप्रेसवे पर घटना के बाद क्षतिग्रस्त डीसीएम को हटाती क्रेन।
- फोटो : एक्सप्रेसवे पर घटना के बाद क्षतिग्रस्त डीसीएम को हटाती क्रेन।
गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सबलीखेड़ा गांव के पास गुरुवार भोरपहर 4:30 बजे तेज रफ्तार डीसीएम के चालक को झपकी आने से सड़क घेरकर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। घटना में चालक स्टीयरिंग के बीच में फंस गया। यूपीडा और पीआरवी ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद निकालकर औरास सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला।
बुलंदशहर जिले के थाना शिकारपुर के गांव कोर्टकला निवासी चालक इंदल (45) पुत्र जयवीर सिंह डीसीएम में आगरा से कास्मेटिक का सामान लादकर लखनऊ जा रहा था। गुरुवार भोरपहर 4:30 बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बेहटामुजावर थानाक्षेत्र के गांव सबलीखेड़ा के पास चालक को अचानक झपकी आने से डीसीएम सड़क घेरकर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन और स्टीयरिंग के बीच फंस गया। यूपीडा और पीआरवी पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद घायल चालक को निकाला और एंबुलेंस से औरास सीएचसी ले गए। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त डीसीएम को रास्ते से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस दौरान करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। पत्नी रूपवती की चार साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। पहले मां और अब पिता की मौत से बेटी शीनू और नीनू बेहाल हैं। थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार ने बताया कि डीसीएम चालक को झपकी आने से हादसा हुआ है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए ट्रक का पता लगाया जा रहा है।