बच्चों को डांटने पर सास से विवाद के बाद बहू ने खुद को लगाई आग
-सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
औरास। जमाल नगर गांव में बच्चों को डांटने को लेकर सास बहू में विवाद हो गया। विवाद के बाद बहू ने डीजल डालकर खुद को लगा ली। सीएचसी से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
औरास थाना क्षेत्र के जमाल नगर निवासी सुमित गोस्वामी की शादी लखीमपुर खीरी के थाना समहरा गांव निवासी वेद प्रकाश की बेटी जुगराता के साथ 15 वर्ष पहले हुई थी। बृहस्पतिवार दोपहर को सुमित की पत्नी जुगराता (34) के दो बच्चे दिव्यांशी (9) व दिव्याशूं (7) आचार बनाने के लिए बाग से अमिया तोड़कर घर लाए थे। अमिया काटकर अचार में मसाला व तेल बच्चे डालने लगे। जिस पर मां जुगराता ने पीट दिया। जिसको लेकर सास कुसमा से बहू का विवाद हो गया। नाराज जुगराता ने कमरे में जा कर खुद पर डीजल डाला और आग लगा ली। चीख सुनकर पति व परिजनों ने आग बुझाकर, सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होन से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. अनूप तिवारी ने बताया कि 80 प्रतिशत जली होने से रेफर किया गया है। थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया कि परिजनों ने घटना की जानकारी नहीं दी है।