उन्नाव/कन्नौज। दिवाली पर अपने घर सैफई जाते समय मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को कुछ देर के लिए उन्नाव में रुके। इस दौरान उन्होंने बांगरमऊ में निर्माणाधीन लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे का निरीक्षण किया। औरास में उनका काफिला कुछ क्षण के लिए रुका। यहां उन्होंने गाड़ी में बैठकर ही एक्सप्रेस वे की प्रगति देखी। कहा कि यह एक्सप्रेस-वे देश की पहली ऐसी रनवे स्ट्रिप है, जहां से जहाज तक उड़ान भर सकते हैं। यह शहर और गांवों के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इसके बाद सीएम कन्नौज के सकरावा पुल पर काफिला रुकवाकर कार्यकर्ताओं से मिले और उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दीं। यहां उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस वे, प्रदेश ही नहीं देश में खुशहाली लाने वाली सड़क साबित होगी।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार दोपहर बाद लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे के रास्ते सैफ ई जा रहे थे। जानकारी होते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी एक्सप्रेस वे पर आ डटे। अखिलेश ने बांगरमऊ में कुछ समय रुककर निर्माण कार्य देखा। एक्सप्रेस वे के किनारे स्थित शिवबक्सखेड़ा के सामने कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। औरास में पत्रकारों ने एक्सप्रेस वे पर चढ़ने और उतरने के लिए कट न होने की समस्या बताई तो मुख्यमंत्री ने इसका निराकरण कराने का आश्वासन दिया और आगे कूच कर गए। इटावा में चौबिया क्षेत्र में सीएम कुछ क्षण के लिए रुके और कार्यकर्ताओं से बुके लेकर सैफई के लिए रवाना हो गए। सैफई में किसी से मिले बिना सीधे आवास में प्रवेश कर गए।