उन्नाव। बिजली विभाग अब छोटे बकाएदारों पर शिकंजा कसने जा रहा है। वह ऐसे लोगों की सूची तैयार कर रहा है जिनके दस हजार रुपये तक बकाया है। सूची बनाकर इनका कनेक्शन काटा जाएगा और बिना बकाया जमा किए यदि दोबारा कनेक्शन जुड़ा मिला तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
पावर कारपोरेशन की ओर से स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि छोटे बकाएदारों से वसूली की जाए। जानकारों की मानें तो 10 हजार रुपये तक के बकाएदारों की संख्या करीब 40 हजार के आसपास है। यदि विभाग इनसे वसूली कर लेता है तो करोड़ों रुपये राजस्व मिल जाएगा। अमूमन छोटे बकाएदारों पर विभागीय अधिकारी ध्यान नहीं देते हैं। इसी का परिणाम है इन छोटे बकाएदारों का बकाया हजारों से शुरू होकर लाखों में पहुंच जाता है।
इसको देखते हुए अब विभाग ऐसे छोटे बकाएदारों पर किसी प्रकार की कोई भी रियायत बरतने के मूड में नजर नहीं आ रहा है। विभागीय उच्चाधिकारियों ने साफ कह दिया है कि 10 हजार रुपये से ज्यादा जिनका भी बिजली बिल हो उससे तुरंत वसूली की जाए। यदि उपभोक्ता बकाया जमा नहीं करता है तो उसका तुरंत कनेक्शन काट दिया जाए। बिजली अधिकारियों को साफ आदेश दिया गया है कि एक बार बकाएदार का कनेक्शन काटने के बाद दुबारा रैंडम चेकिंग की जाए। यदि विच्छेदन के बाद भी दुबारा बिजली कनेक्शन जुड़ा मिले तो सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाए।
वर्जन
10 हजार रुपये तक के बिजली बकाएदारों की सूची तैयार की जा रही है। शहरी क्षेत्र में तो आनलाइन बिलिंग होने से तुरंत बकाएदारों की जानकारी हो गई है लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में आफलाइन बिलिंग होने से सूची तैयार करने में कुछ समय लग सकता है। सूची तैयार हो जाने के बाद टीमें गठित कर चेकिंग अभियान चलाकर बकाएदारों के कनेक्शन काटे जाएंगे। - रामबुझारत, एक्सईएन विद्युत वितरण खंड प्रथम।