तुलसी यात्रा में झांकी प्रस्तुत करते कलाकार। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। हिंदू जागरण मंच की ओर से हाथी, घोड़ों के साथ तुलसी पूजन यात्रा निकाली गई। पांच किमी की यात्रा के दौरान कई स्थानों पर लोगों को तुलसी के पौधों का वितरण किया गया। यात्रा में शामिल धार्मिक व देशभक्ति से ओतप्रोत झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया।
रामलीला मैदान से यात्रा शुरू होने से पहले आरएसएस के विभाग प्रचारक आलोक, जिला प्रचारक जितेंद्र, हिंदू जागरण मंच के प्रांतीय मंत्री विमल द्विवेदी व सदर विधायक पंकज गुप्ता ने तुलसी पूजन किया। यात्रा के आगे हाथी, उसके पीछे घोड़े और फिर वाहनों पर भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान श्रीकृष्ण, फौजी की ड्रेस पहने कलाकारों की झांकी थी। वाहनों पर लगे लाउडस्पीकरों पर धार्मिक व देशभक्ति गीत और उन पर कलाकारों द्वारा किए जा रहे नृत्य को देख लोग रोमांचित हो रहे थे। यात्रा कोतवाली तिराहा, बड़े व छोटे चौराहे, आईबीपी तिराहा, बाबूगंज, मोतीनगर होते हुए आवास विकास के वृंदावन गार्डेन पर समाप्त हुई। यहां पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
यात्रा को लेकर पूरे शहर में भगवा ध्वज लगाए गए। यात्रा के साथ चल रहे 50 ई-रिक्शा में भी भगवा ध्वज लगाए गए थे। पूरी यात्रा के दौरान 21 हजार तुलसी के पौधों का नि:शुल्क वितरण किया गया। इस दौरान मंच के जिलाध्यक्ष अजय त्रिवेदी, उपाध्यक्ष शिवसेवक त्रिपाठी, वीरांगना प्रमुख उमा शुक्ला, युवा प्रभारी मनीष अवस्थी, विकास सिंह सेंगर, धर्मेंद्र शुक्ला मौजूद रहे।